Western Railway: पश्चिम रेलवे ने माल ढुलाई में स्थापित किया नया कीर्तिमान

Western Railway:

महेसाणा से मसालों से लदी पहली ट्रेन असम के अजारा के लिए रवाना

Western Railway

पश्चिम रेलवे माल परिवहन एवं राजस्व अर्जन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल करते हुए भारतीय रेलवे के फ्रेट ऑपरेशन को नई दिशा प्रदान कर रहा है। पश्चिम रेलवे द्वारा माल ढुलाई के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण एवं नवाचारपूर्ण पहलें की जा रही हैं, जिनसे न केवल व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि देशव्यापी आपूर्ति श्रृंखला भी सुदृढ़ हो रही है।

इसी क्रम में 06 मई 2026 को गुजरात के महेसाणा स्टेशन से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के रंगिया मंडल स्थित अजारा स्टेशन (असम) के लिए 4200 क्विंटल जीरे से लदी पहली ‘डीम्ड वीपी रेक’ रवाना की गई। कुल 30 BCN वैगनों वाली इस डीम्ड वीपी रेक ने लगभग 2,477 किलोमीटर की दूरी तय करने हेतु प्रस्थान किया। इस रेक में मसालों के कुल 13,800 पैकेज लोड किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 4,20,000 किलोग्राम (420 टन) था। इस संचालन से रेलवे को माल ढुलाई से कुल ₹25.28 लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

यह अहमदाबाद मंडल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पहली बार इस सेक्टर में मसालों की संगठित रेल ढुलाई की गई है। यह पहल गुजरात के मसाला उद्योग को पूर्वोत्तर भारत के बाजारों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही, रेल परिवहन को सुरक्षित, किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे व्यापारियों एवं निर्यातकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा भविष्य में इस प्रकार के फ्रेट मूवमेंट की संभावनाएं और बढ़ेंगी।

अहमदाबाद मंडल द्वारा डीम्ड वीपी रेक का यह सफल संचालन मंडल की उत्कृष्ट माल परिवहन क्षमता, त्वरित लॉजिस्टिक प्रबंधन एवं ग्राहक-उन्मुख सेवाओं को दर्शाता है। अहमदाबाद मंडल भविष्य में भी व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप तेज, सुरक्षित एवं विश्वसनीय माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इवे भी पढे- Chanakya Niti: चाणक्य नीति के अनुसार, यह भूल बेटे के पिता पर भारी पड़ सकती है