Yoga Day: योग स्वस्थ, सशक्त एवं संतुलित भारत के निर्माण की आधारशिला :  अन्नपूर्णा देवी

Yoga Day:

केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आज कोडरमा जिले के डोमचांच स्थित सी. एम. उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री  अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है, जो स्वस्थ, सशक्त एवं संतुलित भारत के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि आज विश्व के 177 देश एक साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं तथा योगाभ्यास और प्राणायाम के माध्यम से स्वास्थ्य एवं कल्याण का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इस दौरान सभी लोगों ने कोलकाता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संदेश भी लाइव सुना।

कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों तथा महिलाओं और पुरुषों ने सामूहिक योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि निरोग एवं स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। इस कार्यक्रम ने समाज में स्वास्थ्य, संतुलित जीवनशैली तथा जनभागीदारी के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

इसे भी पढे:-CM Yogi Chandauli Visit: औद्योगिक प्रधान जनपद के रूप में भी विकसित होगा चंदौलीः मुख्यमंत्री