Redevelopment Of Tatanagar Railway Station: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड में रेल कनेक्टिविटी और क्षमता बढ़ाने के लिए विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टाटानगर स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे स्टेशन की क्षमता बढ़ेगी, शहर के दोनों ओर कनेक्टिविटी बेहतर होगी और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन की सुविधा मिलेगी।
Redevelopment Of Tatanagar Railway Station
टाटानगर को प्रमुख रेल केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। आदित्यपुर–टाटानगर–सलगाझरी खंड में तीसरी लाइन का निर्माण जारी है, जबकि सीनी–कांड्रा और चांडिल–गम्हरिया खंडों में तीसरी एवं चौथी लाइन की परियोजनाओं के विकास की योजना है। चांडिल–कांड्रा खंड में तीसरी एवं चौथी लाइन के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। राजखरसावाँ–डंगोआपोसी खंड की तीसरी लाइन पहले ही चालू की जा चुकी है।
टाटानगर स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास के तहत वर्तमान 5 प्लेटफॉर्मों को बढ़ाकर 9 करने का प्रस्ताव है। स्टेशन के उत्तरी और दक्षिणी छोर पर नए स्टेशन भवनों, एयर कॉनकोर्स, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही, यार्ड क्षमता बढ़ाने के लिए UP ग्रिड में चार अतिरिक्त लूप लाइनों और तीन नए प्लेटफॉर्मों के निर्माण का प्रस्ताव है।
टाटानगर को वंदे भारत सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी योजना बनाई गई है। यहां वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की सुविधा सहित कोचिंग डिपो के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने की योजना है, जिसके लिए स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में ROB और RUB का निर्माण तथा टाटानगर के निकट सुंदरनगर में नए रेलवे स्टेशन का विकास किया जा रहा है।
इसी क्रम में सांतरागाछी–खातीपुरा एक्सप्रेस की उद्घाटन विशेष सेवा का आज, 26 अक्टूबर 2026 को शुभारंभ किया गया। इससे टाटानगर को उत्तर भारत और राजस्थान से जोड़ते हुए यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। यह सेवा टाटानगर, रांची, डालटनगंज, सासाराम, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और खातीपुरा जैसे प्रमुख शहरों के बीच संपर्क मजबूत करेगी।
बेहतर रेल संपर्क से टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक, वाणिज्यिक, रोजगार, शिक्षा, पर्यटन एवं तीर्थाटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। नई परियोजनाओं और रेल सेवाओं से यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इसे भी पढे:- GCC Invovation Summit 2026: युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करना ही नए उत्तर प्रदेश के विकास का संकल्प: सीएम योगी
Reported By Mamta Chaturvedi

